फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के साथ इंटरस्टेट बसों के दिल्ली प्रवेश पर निर्धारित समय के दौरान रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को दिल्ली सीमा से पहले ही वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

12 अगस्त रात से बदलेगी यातायात व्यवस्था
फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए 12 अगस्त रात 8 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1 बजे तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त रात 8 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों तथा इंटरस्टेट बसों को दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
यह व्यवस्था बदरपुर बॉर्डर, पल्ला बॉर्डर, करणी सिंह शूटिंग रेंज बॉर्डर, सूरजकुंड बॉर्डर, मांगर चौकी, सीकरी एनएच-19 और सेक्टर-30 कट सहित दिल्ली से जुड़े प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगी। प्रतिबंधित वाहनों को जाम की स्थिति से बचाने के लिए सीमा से पहले ही निर्धारित वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा।
इन वाहनों को प्रतिबंध से छूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। दूध, फल-सब्जी, आवश्यक खाद्य सामग्री, जीवनरक्षक दवाइयां, मेडिकल सप्लाई तथा पेट्रोल, डीजल और सीएनजी जैसे ईंधन की आपूर्ति करने वाले वाहनों को भी निर्धारित शर्तों के तहत आवागमन की अनुमति रहेगी। सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त विशेष वाहनों को भी प्रतिबंध से बाहर रखा जाएगा।
बॉर्डर पर होगी विशेष निगरानी
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों और नाकाबंदी वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। प्रतिबंधित समय में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने चालकों को यात्रा से पहले प्रतिबंधित समय और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर दें, ताकि अनावश्यक परेशानी और जाम से बचा जा सके।
