‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान को जनआंदोलन बनाएं पलवलवासी : उपायुक्त

पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पलवल की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न देशभक्ति, सांस्कृतिक और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पलवल एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। राज्यमंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में 5 से 6 किलोमीटर लंबे और 10 फीट चौड़े राष्ट्रीय ध्वज के साथ हजारों लोग तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि पलवल की सड़कों पर निकलने वाली यह विशाल तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश देगी। हजारों लोगों की भागीदारी से आयोजित होने वाली यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ पूरे पलवल को देशभक्ति के रंग में रंग देगी।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को एडवांस्ड कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष, विस्थापन और बलिदान को याद किया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां एवं अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां :

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला, स्लोगन लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, तिरंगा यात्राएं तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके महत्व और सम्मान के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन में महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

आमजन के लिए तिरंगा उपलब्ध कराने की व्यवस्था :

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से राशन डिपो सहित विभिन्न निर्धारित स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं उससे संबंधित निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें।

युवाओं से ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने की अपील

उपायुक्त ने जिले के युवाओं और विद्यार्थियों से माय भारत पोर्टल पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ध्वज ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रश्नोत्तरी का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके महत्व और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करना है।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने पलवल जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी की सामूहिक सहभागिता से ही इस अभियान को वास्तविक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारी आन-बान-शान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का भी प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करे और पूरे पलवल को देशभक्ति के रंग में रंगने में सहभागी बने।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा और जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top