सोहना, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान का सोहना पहुंचने पर भाजपा श्रम मजदूर प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शैलेंद्र सिंह ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने महेश चौहान को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की मजबूत परंपरा रही है। शैलेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन में काम करते हुए अपनी पहचान बनाई और आज देश व प्रदेश के महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और यहां प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि महेश चौहान को हरियाणा भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से प्रदेश के किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान ने स्वागत और शुभकामनाओं के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश के किसानों को केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना होगी।
महेश चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी प्रदेश के छोटे से छोटे किसान तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि पात्र किसान इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हुए किसान मोर्चा को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
