पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल जिले के खादर क्षेत्र के गांव थंथरी में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। राजकीय उच्च विद्यालय थंथरी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि खादर क्षेत्र को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
थंथरी को मिली अनेक विकास कार्यों की सौगात
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने गांव थंथरी में स्वागत द्वार, विभिन्न संपर्क मार्गों, स्कूल में इन्वर्टर एवं बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, समरसीबल हैंडपंप, नॉलेज सेंटर, खेल सामग्री, 150 स्ट्रीट लाइट, जनरल एवं हरिजन चौपाल, मोक्षधाम गेट, कुओं के सौंदर्यीकरण और जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से ट्यूबवेल एवं बूस्टर, नालियों एवं रैंप का निर्माण, गांव की फिरनी, संपर्क मार्ग, खेल नर्सरी, ई-लाइब्रेरी, जोहड़ विकास तथा श्मशान घाट तक रास्तों सहित कई अन्य विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई। गौरव गौतम ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
गांवों के विवाद आपसी सहमति से सुलझाएं : गौरव गौतम
सभा को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से सामाजिक भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाले आपसी विवादों को जहां तक संभव हो, ग्रामीण आपसी सहमति और बातचीत के माध्यम से गांव में ही सुलझाने का प्रयास करें। सामाजिक एकता गांवों की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त हरियाणा, खेलयुक्त हरियाणा’ प्रदेश सरकार का संकल्प है। बच्चे और युवा जितना अधिक खेलों से जुड़ेंगे, उनका भविष्य उतना ही बेहतर होगा और वे नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहेंगे।उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाएगी सरकार
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा आज देश में खेलों के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गांवों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सम्मान, पुरस्कार और सरकारी नौकरियों सहित विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
खादर क्षेत्र के लिए तैयार होगा विशेष विकास मॉडल
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने खादर क्षेत्र को विकास की नई पहचान दिलाने का जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। खादर क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में यह क्षेत्र विकास और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर सके।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, किसान, गरीब और मध्यम वर्ग के हितों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में खादर क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
