फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा। पूरे कांवड़ मार्ग पर करीब 2,000 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर तैयार विशेष सुरक्षा योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी को यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डीसीपी मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन सेवाओं को भी तैयार रखा गया है। इसके अलावा शराब के ठेकों, पेट्रोल पंपों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 25 से अधिक प्रमुख स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। इनमें दुर्गा बिल्डर, आगरा कैनाल मार्ग, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर-28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-17 पुल, सेक्टर-14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर-8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, शाहपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड़, सीकरी चौकी और कैली बाईपास सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं।
कांवड़ यात्रा के लिए तीन प्रमुख रूट तय
यात्रा को सुचारु रखने के लिए पुलिस ने तीन निर्धारित मार्ग बनाए हैं। पहला मार्ग कालिंदी कुंज (दिल्ली) से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल के किनारे रहेगा। दूसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास के रास्ते और तीसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के माध्यम से संचालित होगा। इन सभी मार्गों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार गश्त करेगी, जबकि केजीपी एक्सप्रेस-वे पर विशेष मोबाइल पुलिस टीमें भी तैनात रहेंगी।
महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया पर विशेष नजर
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग, प्रमुख विश्राम स्थलों और कांवड़ शिविरों में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अपराध शाखा, महिला पुलिस, ईआरवी और राइडर टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वैट (SWAT) टीमें पूरी तरह अलर्ट रहेंगी। वहीं अपराध शाखा की सादा वर्दी में तैनात टीमें असामाजिक और शरारती तत्वों पर लगातार नजर रखेंगी। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी 24 घंटे सक्रिय रहेगी और भ्रामक, भड़काऊ, झूठी या आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो अथवा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
