मंत्री राव नरबीर सिंह के समक्ष उठाए सड़क, बस सेवा, जल निकासी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के मुद्दे
पलवल, (सरूप सिंह)। पृथला विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़कों, जलभराव, रोडवेज बस सेवाओं और अधूरे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जिला सचिवालय में आयोजित बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मौजूदगी में विधायक ने क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं रखते हुए उनके जल्द समाधान की मांग की।

तेवतिया ने कहा कि पृथला क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा और पूर्व में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठकों में भी उठाया जा चुका है, लेकिन कई मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दावे के बावजूद पृथला क्षेत्र के लोगों को कई मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पलवल रेलवे पुल से अलावलपुर तक सड़क का मुद्दा उठाया
विधायक ने पलवल रेलवे पुल से अलावलपुर तक सड़क की खराब स्थिति और अलावलपुर में जलभराव का मुद्दा प्रमुखता से रखा। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ चौड़ी नालियां बनाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा अलावलपुर-सदरपुर-बढ़राम-गोपीखेड़ा-चिरवाड़ी मार्ग के पुनर्निर्माण और क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने की मांग भी बैठक में रखी गई।
औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की हालत पर जताई चिंता
तेवतिया ने नेशनल हाईवे-19 से पृथला, दूधौला, धतीर, ततारपुर, जटौला और देवली को जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के आसपास बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं और रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय तक पहुंचने के लिए भी इन मार्गों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और बरसात के दौरान जलभराव से समस्या और बढ़ जाती है।
विधायक ने इन सड़कों के जल्द पुनर्निर्माण के साथ दोनों ओर पर्याप्त जल निकासी के लिए नालियां बनाने की मांग की।
फ्लाईओवर के नीचे से रोडवेज बसें चलाने की मांग
हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए तेवतिया ने कहा कि आल्हापुर, बघौला और पृथला में फ्लाईओवर बनने के बाद कई बसें फ्लाईओवर के ऊपर से निकल जाती हैं। इससे आसपास के गांवों के यात्रियों को बस पकड़ने में परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि रोडवेज बसों को फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित ग्रामीण बस स्टॉप से होकर संचालित किया जाए, जिससे स्थानीय यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
खुले सीवर और गड्ढों से हादसे का खतरा
विधायक ने बघौला की सर्विस रोड की खराब स्थिति के साथ नया गांव से जनौली मार्ग पर बनी सीवर लाइन का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क के बीच सीवर लाइन, खुले ढक्कन और गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने सीवर लाइन को सड़क के किनारे स्थानांतरित करने और इसके बाद सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी।
गांवों के कच्चे रास्ते पक्के करने की मांग
बैठक में कुरारा, साहुपुरा और डाढ़ौता समेत विभिन्न गांवों के छह करम चौड़े रास्तों को पक्का करने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके साथ मार्केटिंग बोर्ड से जिला परिषद को हस्तांतरित किए गए चार और पांच करम चौड़े मार्गों के निर्माण की मांग की गई। गांव भुर्जा में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए सड़क के दोनों ओर नालियां बनाकर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग भी विधायक ने रखी।
नई सड़कें कुछ महीनों में टूटने पर उठाए सवाल
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर तेवतिया ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नई सड़कें निर्माण के तीन-चार महीने बाद ही टूटने लगती हैं। ऐसे मामलों में निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों और संबंधित ठेकेदारों के कार्यों की विजिलेंस जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
‘पृथला के हक की आवाज उठाता रहूंगा’
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि विपक्ष का विधायक होने के बावजूद वे पृथला क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़क, जल निकासी, परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा और पृथला की जनता की आवाज सड़क से लेकर विधानसभा तक पहुंचाई जाएगी।
