नीट परीक्षा और राहुल गांधी प्रकरण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद ने जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए और वहां से मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की निंदा की गई। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर भी कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक तथा एआईसीसी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक रोहताश बेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा पेपर लीक से देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पथराव किया गया। पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुआ व्यवहार संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का सम्मान होना चाहिए और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि देश के छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय उनके साथ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के विपरीत बताते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top