रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के रोहतक जिले के मदीना गांव के होनहार छात्र रणवीर दांगी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में लंदन में अध्ययन कर रहे रणवीर को विश्व प्रसिद्ध लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित समारोह के दौरान यंग अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन स्कूली खिलाड़ियों को दिया गया जिन्होंने पिछले सीजन में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के खिलाफ मैचों में 100 या उससे अधिक रन बनाने और 5 विकेट लेने जैसी शानदार उपलब्धि हासिल की थी। रणवीर दांगी उन 17 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
रणवीर ने एमसीसी फाउंडेशन हब की ओर से खेलते हुए शानदार 114 रन बनाए थे। एमसीसी फाउंडेशन हब युवाओं को क्रिकेट में करियर बनाने का मंच उपलब्ध कराता है, जहां से कई खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट और राष्ट्रीय टीमों तक अपनी पहचान बना चुके हैं। देशभर के विभिन्न हब की टीमें हर वर्ष गर्मियों के दौरान नॉकआउट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती हैं।
यह सम्मान विश्व प्रसिद्ध लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले महिला टेस्ट मैच के दौरान एमसीसी के अध्यक्ष एड स्मिथ ने रणवीर दांगी को प्रदान किया। एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि रणवीर के पिता धीरेंद्र दांगी ने अपनी स्कूली शिक्षा रोहतक के जाट स्कूल से प्राप्त की थी। वर्तमान में उनका परिवार लंबे समय से लंदन में निवास कर रहा है।
रणवीर के पिता धीरेंद्र दांगी ने बताया कि मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) की स्थापना वर्ष 1787 में हुई थी। यह विश्व के सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली क्रिकेट क्लबों में से एक है तथा क्रिकेट के नियमों का संरक्षक और निर्माता माना जाता है। इसका मुख्यालय लंदन स्थित ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में है, जिसे “क्रिकेट का घर” भी कहा जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के गठन से पहले एमसीसी ही क्रिकेट का सर्वोच्च शासी निकाय था और आज भी विश्व क्रिकेट में लागू नियमों का आधार एमसीसी द्वारा तैयार किए गए नियम ही हैं। रणवीर दांगी की इस उपलब्धि पर रोहतक और मदीना गांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने इसे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।