फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। नगर निगम फरीदाबाद ने गृह करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए सरचार्ज माफी योजना की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। अब शहर के लोग इस अवधि तक अपना गृह कर जमा कर सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकेंगे। इससे पहले नगर निगम ने योजना की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की थी। उस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने गृह कर जमा कर योजना का लाभ लिया था।

हालांकि, कई करदाता निर्धारित समय के भीतर इसका लाभ नहीं ले सके थे। ऐसे लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम ने योजना की अवधि एक बार फिर बढ़ाने का निर्णय लिया है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया ने बताया कि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाएं और 31 जुलाई से पहले अपना गृह कर जमा कर सरचार्ज माफी योजना का फायदा लें।
नगर निगम के इस फैसले का हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान प्रेम खट्टर, व्यापारी निर्मल गुप्ता और व्यापारी समिति के महासचिव बिशन बंसल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे शहरवासियों और व्यापारियों के हित में लिया गया निर्णय बताते हुए सभी से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना गृह कर जमा कर दें।