रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अपना प्रपत्र जल्द से जल्द जमा कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि 14 जुलाई का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन जमा करने से अंतिम समय की भीड़, संभावित तकनीकी दिक्कतों और अनावश्यक असुविधा से बचा जा सकेगा।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, नवीनतम और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में शामिल हो। उन्होंने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सचिन गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन विभाग द्वारा जिले के सभी बूथों पर बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) तथा अन्य अधिकारी मतदाताओं की सहायता के लिए उपलब्ध हैं। यदि किसी मतदाता को प्रपत्र भरने या जमा कराने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि एसआईआर प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरकर निर्धारित समय से पहले जमा कराएं, ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी हो सके। उपायुक्त ने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करने से न केवल मतदाताओं का समय बचेगा, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।