स्वच्छता प्रहरी अभियान की शुरुआत, हर रविवार श्रमदान कर शहर को स्वच्छ बनाएंगे नागरिक

सोनीपत, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सोनीपत ने रविवार को मेयर राजीव जैन के नेतृत्व में “स्वच्छता प्रहरी अभियान” की शुरुआत की। इस पहल के तहत समाजसेवियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों की एक टीम तैयार की गई है, जो प्रत्येक रविवार सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक नगर निगम के सहयोग से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाएगी।

अभियान का शुभारंभ सेक्टर-15 स्थित टेलीफोन एक्सचेंज से बिहारी मार्केट तक विशेष सफाई अभियान के साथ किया गया। इस दौरान सड़क किनारे जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया, झाड़ियों की सफाई की गई तथा बरसाती नालों की जालियों को साफ कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहर नव विकसित पार्क में फैली गंदगी को भी हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

इस अवसर पर मेयर राजीव जैन ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, तो सोनीपत को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि “स्वच्छता प्रहरी अभियान” के माध्यम से अब हर रविवार स्वयंसेवक, समाजसेवी और जागरूक नागरिक श्रमदान कर शहर में स्वच्छता का संदेश देंगे और लोगों को अपने आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित करेंगे।

मेयर ने शहरवासियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह पहल भविष्य में सोनीपत की नई पहचान बनेगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top