भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत, हर बूथ को बनाएं मजबूत : विपुल गोयल

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में रविवार को फरीदाबाद में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश भाजपा संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और जनसेवा का अभियान और अधिक मजबूत होगा।

अपने संबोधन में विपुल गोयल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। संगठन में कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचने का सफर इस बात का प्रमाण है कि भाजपा में मेहनत, समर्पण और अनुशासन का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता की संगठनात्मक यात्रा प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम केवल स्वागत समारोह नहीं, बल्कि संगठन के नए संकल्प और नई ऊर्जा का प्रतीक है। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी इस बात का संदेश देती है कि संगठन पहले से अधिक मजबूत और एकजुट है।

विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद संगठन की दृष्टि से हमेशा अग्रणी रहा है और आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद सांसद कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री राजेश नागर, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा, सतीश फागना, सीमा तिर्खा सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top