जुलाई में एएवाई और बीपीएल परिवारों को मिलेगा 1 किलो चीनी का लाभ, 30 जून तक होगा उठान

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार ने लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) के तहत जुलाई 2026 माह के लिए अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी के परिवारों को प्रति राशन कार्ड 1 किलोग्राम चीनी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी।

उपायुक्त ने बताया कि चीनी का वितरण हरियाणा स्टेट फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड तथा राज्य की सहकारी चीनी मिलों के माध्यम से किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री राजेश नागर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह फैसला लिया गया कि पात्र परिवारों को वास्तविक वितरण माह के पहले दिन से ही चीनी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 के लिए चीनी का आवंटन हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (सीआरआईडी) द्वारा एचपीडीएस पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवंटित चीनी का उठान तत्काल प्रभाव से शुरू करें और इसे 30 जून 2026 तक हर हाल में पूरा करें।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद उठान के लिए किसी प्रकार की अतिरिक्त अवधि नहीं दी जाएगी। यदि किसी जिले द्वारा समय पर चीनी का उठान नहीं किया जाता और आवंटन लैप्स होता है या किसी प्रकार की कमी उत्पन्न होती है, तो संबंधित जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा जिला प्रबंधक, कन्फेड को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा।

आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र एएवाई और बीपीएल परिवारों से सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंच सके। उन्होंने चेतावनी दी कि वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top