विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, बीएलओ घर-घर पहुंचाकर रहे गणना फॉर्म वितरित

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य लगातार जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान की निगरानी के लिए बुधवार को विभिन्न अधिकारियों ने क्षेत्रीय निरीक्षण भी किया।

फरीदाबाद के एसडीएम और एचएसवीपी के संपदा अधिकारी ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाता सत्यापन कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर अभियान की प्रगति और मतदाताओं की भागीदारी के बारे में जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रेशनलाइजेशन) की प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 से शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो। उन्होंने जानकारी दी कि 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।

सभी दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। दस्तावेजों के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे नागरिकों को आयु और पहचान से संबंधित एक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। वहीं 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे आवेदकों को अपना एक दस्तावेज तथा माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा।

2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों के लिए स्वयं का एक दस्तावेज तथा माता-पिता दोनों के एक-एक दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक घर और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।

यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे गणना फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरकर हस्ताक्षर सहित अपने क्षेत्र के बीएलओ को समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top