करनाल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। सीएसएसआरआई परिसर करनाल में आयोजित राष्ट्रीय बागवानी सम्मेलन के समापन समारोह में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रगतिशील किसान एवं “राणा गोल्ड एप्पल मैन” के नाम से प्रसिद्ध नरेंद्र सिंह चौहान को खेती और बागवानी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए अमित उद्यान रत्न अवार्ड 2026 से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें शील्ड, शॉल और प्रशंसा पत्र भेंट किया गया।

यह राष्ट्रीय सम्मेलन लेफ्टिनेंट अमित सिंह मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था। फाउंडेशन किसानों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ वैज्ञानिक प्रदर्शनियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन भी करती है। सम्मेलन के दौरान देशभर से आए प्रगतिशील किसानों को खेती और बागवानी में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
करनाल निवासी नरेंद्र सिंह चौहान आज देशभर के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। उन्होंने निजी नौकरी छोड़कर खेती को अपनाया और अपनी मेहनत व नवाचार के बल पर बागवानी के क्षेत्र में नई पहचान बनाई। वर्तमान में वह 14 एकड़ भूमि पर विभिन्न फलों की बागवानी कर रहे हैं और इससे प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
नरेंद्र चौहान के फार्म पर देश के विभिन्न राज्यों से किसान बागवानी की आधुनिक तकनीकों को देखने और सीखने के लिए पहुंचते हैं। उनके फार्म में सेब, बादाम, आड़ू, आलूबुखारा, नाशपाती, चीकू और आम सहित कई प्रकार के फलों की खेती की जाती है। विशेष रूप से “अन्ना” और “गोल्ड हरमन” जैसी सेब की किस्मों की सफल खेती ने उन्हें “राणा गोल्ड एप्पल मैन” के रूप में पहचान दिलाई है।
नरेंद्र चौहान का कहना है कि हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी क्षेत्रों के किसान भी इन सेब की किस्मों की खेती कर अच्छा उत्पादन और मुनाफा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से पारंपरिक गेहूं-धान फसल चक्र से आगे बढ़कर बागवानी अपनाने का आह्वान किया और कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।