रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने निजी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सभी स्कूल वाहनों में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत जरूरी नियमों को पूरा किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और छुट्टियों के बाद नियमों का पालन न करने वाले स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लघु सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समीक्षा बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी निजी स्कूल अपनी बसों और अन्य वाहनों की तकनीकी कमियों को तुरंत ठीक करवाएं। साथ ही वाहन चालकों के लिए ड्रेस कोड और ट्रैफिक नियमों की पालना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि थ्री व्हीलर में बच्चों को स्कूल लाना-ले जाना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करेगी।
बैठक में एएसपी आयुष यादव, एसडीएम अंकिता पुवार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की। एडीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम से पहले सड़क मरम्मत, ऑवरले और निर्माण कार्य पूरे किए जाएं ताकि लोगों को सुरक्षित सफर मिल सके।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के चालान करने के भी निर्देश दिए गए। एसडीएम अंकिता पुवार ने रोहतक-हिसार रोड आउटर बाईपास पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के जल्द कनेक्शन जारी करने और जसिया-खिड़वाली सड़क के ऑवरले कार्य को 10 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं एएसपी आयुष यादव ने कहा कि बिना नंबर प्लेट चल रही गाड़ियों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी।