भगवान परशुराम भवन के लोकार्पण पर मांदकोल को मिली विकास कार्यों की सौगात

पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने गांव मांदकोल में भगवान परशुराम भवन के लोकार्पण समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का जीवन त्याग, तपस्या, वीरता और धर्म रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज या जाति तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा बनते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार थे।

उनका जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष तथा धर्म की स्थापना का संदेश देता है। आज के युवाओं को उनके जीवन से अनुशासन, साहस, निष्ठा और त्याग की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने करीब 1.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इनमें भगवान परशुराम भवन, गांव के आंतरिक रास्ते, विलेज नॉलेज सेंटर और बघेल धर्मशाला शामिल हैं।

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि शक्ति का उपयोग हमेशा समाज की रक्षा और कल्याण के लिए होना चाहिए। उन्होंने रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शक्ति और संयम का संतुलन ही सच्ची वीरता की पहचान है। उन्होंने युवाओं से भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दिल्ली-बड़ौदा-मुंबई एक्सप्रेसवे, रेलवे अंडरपास, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन सौंदर्यीकरण और जेवर एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

साथ ही उन्होंने बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार और फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा रेल परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की बात कही। कृष्णपाल गुर्जर ने ग्राम पंचायत की मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन देते हुए सांसद निधि से गांव के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान आगरा नहर में डूब रहे बच्चे की जान बचाने वाले गांव मांदकोल निवासी राजेंद्र पुत्र उदयलाल को बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया।

इस मौके पर होडल के विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के नेतृत्व में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाईवे, अंडरपास और अन्य बड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की नई पहचान बन चुकी हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top