रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के रोहतक की डॉ. सुनैना दलाल सांगवान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत और प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शूटिंग संस्था *टारगेट पिस्टल ऑस्ट्रेलिया* ने अपने नए नेतृत्व दल की घोषणा करते हुए डॉ. सुनैना दलाल सांगवान को संगठन का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है।

ब्रिस्बेन, ऑस्ट्रेलिया से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार मिशैल सैंडस्टॉर्म को अध्यक्ष, पॉल स्टीन और लिंडा रायन को उपाध्यक्ष, डॉ. सुनैना दलाल सांगवान को सचिव तथा कैरी एन करलिक को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैनेजमेंट में पीएचडी कर चुकीं डॉ. सुनैना संगठन की कार्यकारी टीम में नई सोच, आधुनिक प्रबंधन और खेल प्रशासन का अनुभव लेकर जुड़ रही हैं।
संस्था ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व और कार्यशैली से ऑस्ट्रेलिया में टारगेट पिस्टल शूटिंग को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। विशेष बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया में खेल संस्थाएं भारत की तुलना में अधिक पेशेवर और पारदर्शी तरीके से काम करती हैं। वहां खेल संगठनों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रशासनिक टीम के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीक का उपयोग और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
खेलों के संचालन में सरकारी हस्तक्षेप अपेक्षाकृत कम होता है, जबकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाती है। यही कारण है कि ऑस्ट्रेलिया की खेल संस्थाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और व्यवस्थित मानी जाती हैं। डॉ. सुनैना दलाल सांगवान की इस उपलब्धि से हरियाणा और भारतीय समुदाय में खुशी का माहौल है।
डॉ. सुनैना दलाल का परिवार आज भी रोहतक की कमल कॉलोनी में रहता है। वे वर्ष 2016 में अपने पति प्रवीण सांगवान के साथ ऑस्ट्रेलिया गई थीं। उनके पति पर्थ में खदान इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं और स्वयं भी शूटिंग से जुड़े हुए हैं। उनका 13 वर्षीय बेटा सामर्थ्य सांगवान भी शूटिंग में बेहतरीन निशानेबाज के रूप में पहचान बना रहा है।