फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर में एक दर्दनाक हादसे में सीवर की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत हो गई। यह घटना पुरी प्राणायाम सोसाइटी के सामने की है, जहां जहरीली गैस के कारण दोनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान खेड़ी कला गांव निवासी राजेंद्र और सुनील के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे दोनों सफाई कर्मी सीवर की सफाई के लिए मैनहोल में उतरे थे, लेकिन उसके बाद बाहर नहीं निकले। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह जब परिजन पुरी प्राणायाम सोसाइटी के पास पहुंचे, तो मैनहोल के बाहर उनकी साइकिल और मोटरसाइकिल खड़ी मिली। आशंका होने पर जब उन्होंने अंदर झांककर देखा, तो दोनों बेसुध हालत में पड़े मिले।
इसकी सूचना तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में सीवर के अंदर जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस विषय पर नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है की ” इस प्रकार की दुःखद मौतों के जिमेदारी सरकार की है। सरकार को चाहिए की सीवर सफाई के काम में लगे कर्मचारिओं को विशेष ट्रेनिंग और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाने चाहिए। इसके अलावा अगर सरकार प्राइवेट कंपनी को काम करने का ठेका देती है तो ये सुनिश्चित करे की उस एक रजिस्टर्ड कंपनी हो उसके पास प्रशिक्षित कर्मचारी हो और सुरक्षा उपकरण के साथ उनकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाये।