किसानों की सहमति के बिना एक इंच जमीन भी नहीं ली जाएगी: कृष्ण पाल गुर्जर

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। वार्ड नंबर-44 में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने लगभग 28.50 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। इस योजना के तहत वार्ड की तीन गलियों का निर्माण किया जाएगा। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को जल्द लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से फरीदाबाद में तेजी से विकास हो रहा है, जिससे शहर की अलग पहचान बनेगी। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और उनकी अनुमति के बिना जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे किसानों के अधिकारों की सुरक्षा और भरोसा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।

साथ ही, आसपास के 24 गांवों के विकास के लिए करीब 600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की डीपीआर मंजूर होने की जानकारी दी, जिनमें सड़क, पानी, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि फरीदाबाद की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मेट्रो को जेवर एयरपोर्ट तक बढ़ाने और पलवल तक विस्तार की योजना पर काम चल रहा है।

करीब 30 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं से दिल्ली, नोएडा और जेवर तक सीधी पहुंच आसान होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने रेलवे फाटकों को हटाकर उनकी जगह ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे जाम की समस्या कम होगी। वहीं, दिल्ली आश्रम से सराय ख्वाजा तक एलिवेटेड रोड बनने के बाद यह दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top