फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। नए शैक्षणिक सत्र को लेकर जिले के सरकारी और निजी कॉलेजों में दाखिले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छात्रों को ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी कॉलेजों में विशेष कंप्यूटर सेल स्थापित किए जाएंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

जिले में कुल आठ राजकीय, तीन एडेड और एक सेल्फ फाइनेंस कॉलेज संचालित हैं। विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार मई के पहले सप्ताह से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज और महिला महाविद्यालय में हर साल की तरह इस बार भी सबसे अधिक आवेदन आने की उम्मीद है, क्योंकि इन संस्थानों में कोर्सों की संख्या अधिक है और यह शहर के केंद्र में स्थित हैं।
छात्रों को मिलेगी मुफ्त सहायता
कॉलेजों में बनाए जाने वाले कंप्यूटर सेल में नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। ये अधिकारी छात्रों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में निशुल्क मदद देंगे, साथ ही विभिन्न कोर्सों और करियर विकल्पों की जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कॉलेज में कंप्यूटर सेल नहीं बनाया गया या लापरवाही बरती गई तो संबंधित प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पोर्टल अपडेट करना अनिवार्य
सभी कॉलेजों को अपने-अपने पोर्टल पर सीटों की संख्या, फीस, उपलब्ध कोर्स, नोडल अधिकारी और प्राचार्य के संपर्क नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें अपनी पसंद के कॉलेज व कोर्स का चयन करने में आसानी देना है।
जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. रितिका गुप्ता ने बताया कि सभी प्राचार्यों को इस संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है। निर्देशों की अनदेखी करने वाले कॉलेजों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।