पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने साइलो पर फसल उठान में हो रही देरी को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही तुरंत मैनपावर बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए। मंगलवार को एसडीएम ने उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर अनाज मंडी और साइलो का निरीक्षण किया। अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों द्वारा किसानों की सुविधा के लिए बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है।

पलवल साइलो पर स्थिति अलग नजर आई और लेबर की कमी सामने आई। फसल से भरे वाहनों की अनलोडिंग में देरी हो रही थी। इस पर एसडीएम ने ठेकेदार और टर्मिनल मैनेजर को फटकार लगाई। उन्होंने तुरंत श्रमिक संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और स्थिति सुधारने को कहा। एसडीएम ने बताया कि श्रमिकों की कमी से भंडारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की गई है।
ठेकेदार अनिल मग्गू ने बुधवार सुबह तक पर्याप्त लेबर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि वादा पूरा न होने पर सख्त कार्रवाई होगी। टर्मिनल मैनेजर द्वारा ही ठेकेदार की नियुक्ति की गई है। एसडीएम ने दोहराया कि किसानों की सुविधा सर्वोपरि है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रशासन लगातार मंडियों और साइलो की निगरानी कर रहा है। किसी भी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के प्रधान पंकज विरमानी, सचिव वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। साथ ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, एफसीआई और वेयरहाउस के अधिकारी भी उपस्थित रहे।