लंदन/झज्जर, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा के झज्जर जिले के गांव धानधलान के निवासी और इंग्लैंड में बरो काउंसलर रोहित अहलावत 26 अप्रैल को विश्व प्रसिद्ध London Marathon में भाग लेने जा रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे हरियाणा का नाम रोशन हो रहा है। इस वर्ष मैराथन में लगभग 60 हजार धावक हिस्सा लेंगे, जबकि लाखों लोगों ने इसमें भाग लेने के लिए आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया बैलेट सिस्टम के जरिए पूरी की जाती है, जिससे इसमें जगह बनाना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

लंदन मैराथन: दुनिया की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित दौड़
लंदन मैराथन की शुरुआत वर्ष 1981 में हुई थी और आज यह दुनिया की सबसे लोकप्रिय मैराथनों में गिनी जाती है। यह 42.2 किलोमीटर (26.2 मील) लंबी दौड़ होती है, जो लंदन शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों जैसे टॉवर ब्रिज, लंदन आई और बकिंघम पैलेस के बीच से गुजरती है। यह मैराथन “वर्ल्ड मैराथन मेजर्स” का हिस्सा है, जिसमें दुनिया की सबसे बड़ी दौड़ें शामिल हैं। खास बात यह है कि यह सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े चैरिटी इवेंट्स में से एक है—अब तक इससे अरबों पाउंड की धनराशि सामाजिक कार्यों के लिए जुटाई जा चुकी है।
अस्पताल के लिए फंड जुटा रहे रोहित
रोहित अहलावत इस मैराथन में केवल भाग लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे इंग्लैंड के रेडिंग शहर के एक अस्पताल के लिए फंड भी जुटा रहे हैं। उनके इस सामाजिक प्रयास की सराहना ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री Theresa May ने भी की है।
इस अवसर पर रोहित अहलावत ने कहा की “लंदन मैराथन में भाग लेना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं इस मंच के जरिए समाज के लिए सकारात्मक योगदान देना चाहता हूं। अस्पताल के लिए फंड जुटाना मेरे लिए एक विशेष उद्देश्य है।” उन्होंने बताया कि वे पिछले छह हफ्तों में तीन अलग-अलग रेस में भाग ले रहे हैं और लगातार खुद को इस चुनौती के लिए तैयार कर रहे हैं।
अपनी फिटनेस यात्रा के बारे में बताते हुए रोहित ने कहा कि उन्होंने पिछले छह महीनों में करीब 27 किलो वजन कम किया है, ताकि इस कठिन मैराथन के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर सकें। रोहित अहलावत की यह पहल युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है जहां फिटनेस के साथ-साथ समाजसेवा का मजबूत संदेश भी सामने आता है।