रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिला बार एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत का जन्मदिवस मनाया गया। इस अवसर पर बार परिसर स्थित चौधरी रणबीर सिंह सभागार में 65 पाउंड वजन और 65 इंच लंबा केक काटा गया। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया गया। रक्तदान शिविर में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

कार्यकर्म में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के पूर्व चेयरमैन विजेंद्र अहलावत विशेष तौर पर मौजूद रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने इस प्रकार के आयोजन की सराहना की। उन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने बार एसोसिएशन के सदस्यों को सामाजिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा उन्होंने रक्तदाओं की हौसला अफजाई की। उन्होंने रक्तदान को महादान की संज्ञा दी। अजय तेवतिया ने कहा कि यह मानवता की अमूल्य सेवा है। रक्तदान के जरिए कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत सेवा का कार्य है, जिसका कोई विकल्प नहीं है। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के पूर्व चेयरमैन विजेंद्र अहलावत ने कहा कि सीजेआई सूर्यकांत का रोहतक के साथ विशेष लगाव रहा है।
सीजेआई सूर्यकांत ने महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री हासिल की। ऐसे में 14 फरवरी को रोहतक आगमन पर उनका भव्य अभिनंदन समारोह होगा। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने कहा कि यह आयोजन न्यायपालिका के प्रति सम्मान तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता वर्ग न केवल न्याय के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव राजकरण पंघाल ने कहा कि अधिवक्ता सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। इस अवसर पर न्यायिक परिसर के सभी न्याधिक अधिकारी के अलावा जिला बार एसोसिएशन के उपप्रधान अजय ओहल्याण, सहसचिव डिंपल अरोड़ा, लाइब्रेरी इंचार्ज अनिल कुमार और अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।