फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की शिक्षाएं सर्व समाज को अनंत काल तक मार्ग दिखाएंगी, यह बात हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर ने मंझावली में आयोजित संत की जयंती के अवसर पर मौजूद जनता के बीच कही। इसका आयोजन रविदास समाज विकास जागृति ट्रस्ट द्वारा किया गया जिसमें 52 गांव के प्रतिनिधियों को सम्मिलित किया गया है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि संत महापुरुषों का सम्मान हमारी सरकार में किया जा रहा है। इससे पहले के राजनीतिक दल संत महापुरुषों के प्रति कितना उदासीन रहते थे, यह सब आप जानते हैं ।भाजपा की सरकार में समाज के संत महापुरुषों की जयंतियों पर बड़े विशाल कार्यक्रमों का आयोजन किया और समाज में समरसता का संदेश दिया।
नागर ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग को ऊपर उठने के लिए भाजपा की केंद्र एवं राज्य की सरकारें विशेष कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी को देखा और जिया है इसलिए वह गरीब गुरवा के दर्द को समझते हैं। उनके नेतृत्व में हमारे मुख्यमंत्री नायब सैनी सर्व समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे घर के दरवाजे सबके लिए हमेशा खुले हुए हैं। मैं हमेशा सर्व समाज के लिए उपलब्ध हूं।