पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हथीन के कोट गांव में प्रस्तावित बूचडख़ाने को लेकर क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को समाजसेवी मनोज रावत के नेतृत्व में रावत पाल ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह और खेल मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे। मनोज रावत ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोट गांव में नियमों की अनदेखी कर बूचडख़ाने का निर्माण किया जा रहा है।

इस संबंध में पहले ही उपायुक्त पलवल को शिकायत दी गई थी, जिसके बाद एसडीएम हथीन को जांच के आदेश दिए गए। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि निर्माण से पूर्व एनिमल हसबेंडरी, सिंचाई विभाग और ग्राम पंचायत से आवश्यक एनओसी नहीं ली गई। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि फर्जी तरीके से एनओसी तैयार की गई थी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बूचडख़ाना बनने से क्षेत्र की आबोहवा और पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उनका कहना है कि इससे न केवल प्रदूषण बढ़ेगा बल्कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों ने इस निर्माण को रोकने की मांग की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में सुमेर सिंह जेलदार, अंधोप गांव की सरदारी, चरण सरपंच, नेत्रराम सरपंच, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।