फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर की सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) ने एक अहम कदम उठाया है। एफएमडीए द्वारा मास्टर सीवर लाइन की डी-सिल्टिंग (गाद निकालने) और सफाई के लिए ई-टेंडर जारी किया गया है। यह कार्य सेक्टर-25 स्थित आईपीएस और प्रतापगढ़ स्थित एमपीएस से जुड़ी 1800 एमएम और 1400 एमएम व्यास की मास्टर सीवर लाइनों पर किया जाएगा।

एफएमडीए के अनुसार, इस परियोजना के तहत न केवल पुरानी और जाम हो चुकी सीवर लाइनों की गहन सफाई की जाएगी, बल्कि जहां-जहां सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है, वहां आधुनिक तकनीक से उसकी मरम्मत भी की जाएगी। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नए मैनहोल का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि भविष्य में सीवर की निगरानी और रखरखाव आसान हो सके। इस पूरे कार्य पर करीब 928.41 लाख रुपये की लागत आएगी।
परियोजना को पूरा करने के लिए 6 महीने की समय-सीमा तय की गई है। एफएमडीए ने इसके लिए योग्य ठेकेदारों से ऑनलाइन बोली आमंत्रित की है। टेंडर प्रक्रिया हरियाणा सरकार की ई-टेंडरिंग वेबसाइट के माध्यम से पूरी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से मास्टर सीवर लाइनों में गाद भर जाने और कुछ स्थानों पर सीवर लाइन टूटने के कारण शहर के कई इलाकों में ओवरफ्लो और बदबू की समस्या बनी रहती है।
बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे सड़कों पर गंदा पानी भर जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस परियोजना में क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत के लिए एमडब्ल्यूएसएल (MWSL) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे आधुनिक और टिकाऊ माना जाता है। इससे सीवर लाइन की मजबूती बढ़ेगी और लंबे समय तक बार-बार मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ेगी।