पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिलेभर में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। जिला प्रशासन और प्रतिभागी समारोह को भव्य बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें एमडी पलवल शुगर मिल द्विजा और सीटीएम प्रीति रावत की उपस्थिति रही।

इस दौरान मार्चपास्ट, पीटी, डंबल, लेजियम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। सीटीएम प्रीति रावत ने बताया कि जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले समारोह में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा मुख्य अतिथि होंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। उपमंडल होडल में विधायक हरेंद्र सिंह तथा उपमंडल हथीन में जिला परिषद चेयरपर्सन रेखा ध्वजारोहण करेंगी।
समारोह में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और अंत्योदय उत्थान की भावना पर आधारित विभागीय झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन झांकियों के माध्यम से विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक प्रतीकों से सजी झांकियां न केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक होंगी, बल्कि जन-जन में जागरूकता और सहभागिता की भावना को भी मजबूत करेंगी।
सीटीएम ने बताया कि 24 जनवरी को जिला स्तरीय समारोह की फाइनल रिहर्सल नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में होगी, जिसका निरीक्षण उपायुक्त करेंगे। उपमंडल हथीन और होडल में भी एसडीएम की देखरेख में रिहर्सल आयोजित की जाएगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, डीपीई, पीटीआई और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।