फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 45 दिन का ब्लॉक, 9 ट्रेनें रद्द; 20 ट्रेनों का ठहराव खत्म

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते अगले 45 दिनों तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलने वाले निर्माण कार्य के कारण रेलवे यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान 9 ट्रेनें रद्द रहेंगी, 20 ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया गया है और 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है।

उत्तर रेलवे की ओर से प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन से जुड़ी रेल पटरियों के ऊपर निर्माण कार्य के लिए विशेष यातायात एवं विद्युत बाधा शेड्यूल जारी किया गया है। आरपीएफ फरीदाबाद पोस्ट प्रभारी श्रवण कुमार ने इसकी जानकारी साझा की है।

रेलवे के अनुसार, एक सितंबर को रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके बाद दो सितंबर से 14 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 12:05 बजे से सुबह 3:05 बजे तक यातायात एवं विद्युत अवरोध रहेगा। 15 अक्टूबर को भी रात 12:05 बजे से 2:35 बजे तक निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा।

9 ट्रेनें रहेंगी रद्द

बाधा अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 64908, 64071, 64052, 64015, 64078, 64057, 64012, 64013 और 64076 रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों के रद्द होने से साहिबाबाद, भिवानी, गाजियाबाद, पलवल, नई दिल्ली और शकूरबस्ती के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

हालांकि, ट्रेन संख्या 64015 और 64078 के परिचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 19019 को 31 अगस्त और 14 अक्टूबर को पलवल-फरीदाबाद के बीच 45 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 64076 को दो सितंबर से 14 अक्टूबर तक तीसरी लाइन से चलाया जाएगा।

20 ट्रेनों का फरीदाबाद में नहीं होगा ठहराव

निर्माण कार्य के दौरान फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 20 ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा। उत्तर दिशा की ओर जाने वाली ट्रेनों में 12919, 12615, 14309, 14317, 18477, 12625, 14621 और 11077 शामिल हैं। वहीं दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली 12138, 20986, 19326, 11450, 16032, 16318, 11842, 19020, 12920, 14622, 22918 और 19308 नंबर की ट्रेनों का भी फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।

43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले

यात्रियों को स्टेशन पर प्लेटफॉर्म को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतनी होगी। रेलवे ने 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया है। इनमें 17 ट्रेनों के आगमन और 26 ट्रेनों के प्रस्थान वाले प्लेटफॉर्म बदले गए हैं। वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या तीन से संचालित होने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या चार पर लिया जाएगा, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या दो की जगह प्लेटफॉर्म संख्या एक का इस्तेमाल किया जाएगा।

ऐसे में यात्रियों को ट्रेन पकड़ने से पहले प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर जांचनी होगी। निर्माण कार्य का असर पांच से छह मालगाड़ियों के परिचालन पर भी पड़ने की संभावना है। इनमें से दो मालगाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा सकता है। हालांकि, कोयला ढुलाई वाली मालगाड़ियों के परिचालन पर किसी बड़े असर की संभावना नहीं जताई गई है।

रेलवे ने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त संसाधन जुटाने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अगले 45 दिनों के दौरान यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का परिचालन, ठहराव और प्लेटफॉर्म की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top