रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने रविवार को रोहतक के सलारा मोहल्ला में जनसभा की। कार्यकर्ताओं ने डॉ अशोक तंवर का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश आजाद होने के बाद बाबा साहेब आंबेडकर ने कानून और संविधान में सबको एक सम्मान दर्जा दिया। लेकिन अभी भी वो समानता बोलने में है, जमीन पर लागू नहीं हुई है। आज भी लोगों को संघर्ष करना पड़ता है।
उन्होंने कहा की जब तक ये शोषण की व्यवस्था नहीं बदलेगी, तब तक ऐसा चलता रहेगा। अच्छा नेतृत्व ही इस व्यवस्था को बदल सकता है। इसलिए प्रदेश में एक मौका आम आदमी पार्टी को दें। तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास प्रदेश के लिए बहुत अच्छा प्लान है कि किस प्रकार बेहतर शिक्षा गांव में बच्चों तक पहुंचा सके और प्रदेश के 65 प्रतिशत युवाओं को शिक्षा के माध्यम से कैसे सशक्त बना सकें।
इसी से बेरोजगारी भी दूर होगी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में बिजली मुफ्त दी, अच्छे स्कूल-कॉलेज बनवाए। सरकारी स्कूलों के बच्चे नीट पास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को अब सोच समझ कर फैसला करना है और प्रदेश में एक मौका आम आदमी पार्टी को देना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आम आदमी पार्टी के ब्लॉक स्तर और गांव स्तर के संगठन का ऐलान किया जाएगा।
उसके बाद प्रदेश के एक एक गांव तक आम आदमी पार्टी की नीतियों को ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी एक सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस पंजाब और दिल्ली में पहले ही निपट चुकी है। अबकी बार प्रदेश की जनता बीजेपी और कांग्रेस की सेटिंग तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश और देश में लगातार बढ़ रही है।