त्योहारी सीजन और रक्षाबंधन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की टीमों ने 26 अगस्त को दिल्ली के कई इलाकों में मिठाई निर्माताओं और सब्जी मंडियों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान 37 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जबकि करीब 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया.
खाद्य सुरक्षा टीमों ने ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला समेत कई इलाकों में मिठाई बनाने वाली इकाइयों की जांच की. इसके साथ ही ओखला सब्जी मंडी और घंटाघर सब्जी मंडी में भी औचक निरीक्षण किया गया. विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना है.
डेंगू-मलेरिया को लेकर MCD ने कसी कमर, ड्रोन से छिड़काव
पनीर, खोया और मिठाइयों के लिए सैंपल
जांच के दौरान दूध और दूध से बने उत्पादों पर खास नजर रखी गई. टीमों ने पनीर, खोया, घी और मिठाइयों समेत कुल 37 सैंपल लिए. इन सभी सैंपल को जांच के लिए अधिकृत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा.
प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी खाद्य सामग्री में गड़बड़ी या तय मानकों का उल्लंघन मिलता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
131 किलो एक्सपायर्ड सामग्री नष्ट
अभियान के दौरान टीमों को करीब 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी मिली. इसमें खोया, बेसन और आटा समेत कई खाद्य पदार्थ शामिल थे. खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन सभी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया, ताकि इन्हें दोबारा बिक्री या इस्तेमाल में न लाया जा सके.
Delhi H1N1 केस: भीड़ वाली जगह से बचें, बार-बार हाथ धोएं, एडवाइजरी जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि त्योहारी सीजन में पनीर, खोया, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए निगरानी और सैंपलिंग लगातार जारी रहेगी. विभाग का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री मिल सके.
