फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, में मुख्यमंत्री को भारत में विभिन्न पर्व एवं त्यौहारों की महत्ता पर आधारित पुस्तक ‘भारतीय त्यौहार और सामाजिक संवाद’ भेंट की है। पुस्तक को डाॅ. पवन सिंह तथा डाॅ अमरेन्द्र कुमार आर्य द्वारा संपादित किया गया है। पुस्तक की रचना मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रेरणा से की गई है, जिन्होंने भारत की समृद्ध विरासत पर आधारित पुस्तक को लेकर अपनी इच्छा जतायी थी।
विश्वविद्यालय में मीडिया एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डाॅ. पवन सिंह ने कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर की उपस्थिति में भेंट की।
मुख्यमंत्री ने लेखकों को उनकी पुस्तक के लिए शुभकामनाएं दी तथा भारतीय पर्व एवं त्यौहारों की महत्ता पर आधारित पुस्तक प्रकाशित करने की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधता के बावजूद भारतीय त्यौहार ही है जो समाज में समता, समानता, सद्भाव और भाईचारे को प्रोत्साहित करते है और विविधता में एकता के रूप में राष्ट्रीय अखंडता का मूल आधार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि साहित्य, विशेष रूप से पुस्तक-पुस्तिकाएं समाज में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने पुस्तक की सफलता की कामना करते हुए कहा कि पुस्तक में सारबद्ध भारतीय पर्व एवं त्यौहारों की महत्ता का संदेश आने वाली पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक विरासत से अवगत करवायेगा।