एअर इंडिया की एक फ्लाइट की सोमवार (31 अगस्त 2026) को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. यह विमान सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही थी. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने बम की धमकी मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं.
अहमदाबाद पुलिस ने बताया, ‘फ्लाइट के टॉयलेट में क्रू मेंबर को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर बम लिखा हुआ था. विमान में 32 यात्री सवार थे और उन सभी को टर्मिनल 2 पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.’ पुलिस के मुताबिक, विमान की जांच की जा रही है. दोपहर करीब 4:30 बजे अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की बारीकी से जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दम्माम-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई, जिसमें कुल 32 यात्री सवार थे. मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट में क्रू मेंमबर के नाम एक नोट मिला. नोट में अंग्रेज़ी में ‘बम’ लिखा था. इसके बाद यात्रियों को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया और सुरक्षित जगह पर ले जाया… pic.twitter.com/07Y4pfqKjp
— ABP News (@ABPNews) August 31, 2026
लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के एक अलग और सुरक्षित क्षेत्र में ले जाकर खड़ा किया गया. इसके बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया. सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी है. विमान और उसके सामान की पूरी तलाशी ली जा रही है. साथ ही यात्रियों की गिनती और आवश्यक पूछताछ की प्रक्रिया भी की जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि विमान को फिलहाल आइसोलेटेड एरिया में रखा गया है, जहां सुरक्षा जांच और सैनिटाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी तक कोई विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.
सुरक्षा एजेंसियां टिश्यू पेपर पर लिखे संदेश की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं. घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है.
