उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने हरियाणा सरकार के 9 अतुलनीय वर्ष नामक पुस्तक का किया विमोचन
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित कई गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जगदीप धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले दो तीन साल में दुनिया की Third largest superpower होगा। आज के उभरते हुए भारत को आप देखेंगे तो जो परिकल्पना हमारी सांस्कृतिक विरासत में है वो हमारी तरक्की में पूरी तरह झलक रही है। यह वह कालखंड है, जिसमें भारत की ऐसी मजबूत नींव भरी जा रही है, जो यह सुनिश्चित करेगी कि 2047 का भारत विकसित भारत होगा।
ये विचार उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सूरजकुंड फरीदाबाद में हरियाणा सरकार के 9 अतुलनीय वर्ष – एक नये एवं जीवंत हरियाणा का उदय शीर्षक नामक पुस्तक के विमोचन के अवसर पर व्यक्त किये। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरीमामयी उपस्थिति रही।
पुस्तक का विमोचन करने उपरांत उप राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में हरियाणा प्रदेश को देश के लिए रोल मॉडल बताते हुए कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच के अनुरूप व्यवस्था परिवर्तन और सुशासन को लेकर किया गया कार्य आसान नहीं था। व्यवस्था परिवर्तन का यह काम इसलिए कठिन था क्योकि ऐसा काम करने से सबसे पहले वह लोग आपको चुनौती देते हैं जो आपके इर्द गिर्द होते हैं।
वे आपके सामने एक प्रश्न खड़ा करते हैं कि सत्ता में क्यों आए हो, दशकों की राजनीतिक संस्कृति क्यों बदल रहे हो, अपने लोगों को नौकरी नहीं देंगे तो हमें सपोर्ट कौन करेगा। लेकिन श्री मनोहर लाल ने समस्त हरियाणा को अपना परिवार माना और व्यवस्था परिवर्तन का काम कर दिखाया। उन्होंने कहा की यह संकेत हरियाणा में नहीं अपितु पूरे देश में गया है। आज प्रदेश के ट्रांसपेरेंट-अकाउंटेबल- ऑनेस्ट रिक्रूटमेंट प्रोसेस की चर्चा पूरे देश में होती है।
हरियाणा की विकास गाथा को दर्शाती यह पुस्तक हरियाणा का नया इतिहास बनेगी: राज्यपाल
पुस्तक विमोचन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि यह हरियाणावासियों के लिए गौरव की बात है कि हरियाणा राज्य के विगत नौ साल में हुए विकासात्मक परिवर्तन के सभी गवाह बने हैं और निरंतर हो रहे विकास के फलस्वरूप आगामी पीढ़ी सदैव हरियाणा के इन गौरवशाली पलों को याद रखेगी। राज्यपाल ने कहा कि आज हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।