यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर आरोपों से बरी

नई दिल्ली, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को यौन शोषण से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने दोनों को मामले के आरोपों से बरी कर दिया है। अदालत के फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने समर्थकों के लिए भी प्रसन्नता का विषय बताया।

फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अदालत ने उन्हें और विनोद तोमर को बाइज्जत बरी किया है। उन्होंने कहा कि मामले की शुरुआत से ही उनका कहना था कि यदि उनके खिलाफ कोई आरोप साबित हो जाता है तो वह उसकी जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा, “आज कोर्ट ने बाइज्जत बरी किया। मेरे लिए प्रसन्नता का विषय है और मेरे समर्थकों के लिए भी प्रसन्नता का विषय है।” इसके साथ ही उन्होंने अपने वकीलों का धन्यवाद किया।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अदालत के विस्तृत फैसले की प्रति मिलने के बाद ही वह इस पर आगे विस्तार से कुछ कह पाएंगे।

सरकारी पक्ष करेगा फैसले की समीक्षा

वहीं, सरकारी वकील मनीष रावत ने अदालत के फैसले की समीक्षा करने की बात कही है। उन्होंने संकेत दिया कि फैसले का अध्ययन करने के बाद उच्च न्यायालय में उचित कानूनी कार्यवाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा। अदालत का यह फैसला बृजभूषण शरण सिंह के लिए बड़ी कानूनी राहत माना जा रहा है। मामला लंबे समय से चर्चा में था और इससे जुड़े घटनाक्रम पर राजनीतिक तथा खेल जगत की भी नजर बनी हुई थी।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top