फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा जी ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 लाख रुपए की लागत से बनाई जाने वाली गलियों के निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों के हाथ नारियल तुड़वाकर शुभारंभ कराया। ये गलियां जैन कॉलोनी, विजयनगर, लक्ष्मण कॉलोनी और हरी बिहार में बनाई जाएंगी। इस अवसर पर गणमान्य लोगों ने परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का जोरदार स्वागत किया।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में हरियाणा प्रदेश में रोल मॉडल बनाने जा रहा है। यहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करोड़ों रुपये की धनराशि के कार्य विकास कार्यों को मंजूरी दी थी। जो कार्य लगभग पूरे होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और अंतिम व्यक्ति के विकास और उसके हित की बात कहती है।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करने वाली भारतीय जनता पार्टी लोगों को पूरा सम्मान देने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में गरीब व्यक्ति को सम्मान नहीं दिया जाता था। बल्कि पैसे वालों को सम्मान दिया जाता था और पैसे वालों के बच्चों को नौकरी बांटी जाती थी। लेकिन भाजपा सरकार में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभ पहुंचा करके उसका विकास किया है।