करनाल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। मोहनलाल बडोली ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि Haryana Nagar Nigam Chunav को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार है। दिल्ली में “डबल इंजन की सरकार” बनने के बाद अब हरियाणा में “भाजपा सरकार की ट्रिपल इंजन ” बनने जा रही है। लोगों का मन है कि हरियाणा में “ट्रिपल इंजन की सरकार” बननी चाहिए। और उसके लिए सभी नगर निगमों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि वह भी सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में भाजपा ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को पुख्ता कर लिया है और हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री अनिल विज को ‘कारण बताओ नोटिस’ पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह वरिष्ठ नेता हैं। उनके कोई कड़े तेवर नहीं हैं। वह पार्टी की रीति-नीति पर चलने वाले नेता हैं। जहां तक नोटिस की बात है, “हमें मीडिया में उस संदर्भ में कुछ नहीं कहना है”।
इससे पहले हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी शैलजा ने कहा था कि नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी पूरी है। हमारे कार्यकर्ता मेहनत करके पार्टी को जीत दिलाएंगे। हम जनता के बीच अपनी कार्यक्रम और नीतियों को लेकर जाएंगे। हमें उम्मीद है कि जनता कांग्रेस पार्टी को सेवा करने का अवसर जरूर देगी। पार्टी निगम और परिषद का चुनाव सिंबल पर लड़ेगी और अच्छे उम्मीदवार उतारे जाएंगे।
बीते दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि भाजपा की प्राथमिकता है कि हरियाणा के सभी नगरीय क्षेत्रों में उसके उम्मीदवार जीत दर्ज करें। ऐसे में इस चुनाव में पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी।