एक गांव को राहत मिली, लेकिन बड़ा सवाल बरकरार: आखिर कहां जाएगा फरीदाबाद का रोजाना निकलने वाला कूड़ा?
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में कूड़ा डंपिंग यार्ड नहीं बनाया जाएगा। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर की पहल पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह की बैठक में यह फैसला लिया गया है। मिर्जापुर में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड का विरोध कर रहे ग्रामीणों को इससे राहत जरूर मिली है, लेकिन कूड़ा निस्तारण की समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।

दरअसल, शहर में कूड़े के निस्तारण को लेकर नगर निगम के पास अब तक कोई ऐसी स्पष्ट और व्यापक योजना सार्वजनिक नहीं हुई है, जिससे लोगों को भरोसा हो सके कि आने वाले समय में कूड़े की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। शहर में रोजाना निकलने वाले कूड़े को आखिर कहां और किस तरीके से निस्तारित किया जाएगा, यह सवाल लगातार खड़ा है।
ग्रामीणों को सता रहा है गांवों के आसपास कूड़े के पहाड़ बनने का डर
फरीदाबाद के आसपास के गांवों में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है। लोगों को डर है कि यदि बिना वैज्ञानिक निस्तारण व्यवस्था के उनके गांवों के आसपास कूड़ा डाला गया तो धीरे-धीरे कूड़े के बड़े-बड़े पहाड़ खड़े हो जाएंगे। इससे दुर्गंध, प्रदूषण, भूजल और आसपास के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों की चिंता सिर्फ इस बात को लेकर नहीं है कि उनके गांव में कूड़ाघर बनाया जा रहा है, बल्कि सवाल यह भी है कि क्या नगर निगम के पास कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की कोई प्रभावी व्यवस्था है? यदि कूड़े को केवल एक जगह से हटाकर दूसरी जगह डाला जाएगा तो समस्या का समाधान कैसे होगा?
मिर्जापुर से हटाया प्रस्ताव, दूसरे स्थानों पर तलाश जारी
मिर्जापुर में डंपिंग यार्ड नहीं बनाने के निर्णय के बाद नगर निगम अब कूड़ा निस्तारण के लिए दूसरे स्थानों की तलाश करेगा। बैठक में भाकरी की कूड़ा निस्तारण परियोजना पर अदालत की रोक के खिलाफ दोबारा न्यायालय जाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बड़खल विधानसभा क्षेत्र में पुराने बिजली उत्पादन केंद्र की जमीन पर डंपिंग यार्ड विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
वहीं प्रतापगढ़ में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने की बात कही गई।
सिर्फ जगह बदलने से नहीं सुलझेगी कूड़े की समस्या
फरीदाबाद में कूड़ा निस्तारण का मुद्दा अब केवल जमीन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रह गया है। जरूरत इस बात की है कि नगर निगम शहर के कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने, उसकी प्रोसेसिंग, रिसाइक्लिंग और वैज्ञानिक तरीके से अंतिम निस्तारण की पूरी योजना सामने रखे। लोगों के सामने यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि प्रतिदिन कितना कूड़ा निकलता है, कितने कूड़े का प्रसंस्करण हो रहा है, कितनी मात्रा बिना प्रोसेसिंग के डाली जा रही है और भविष्य में इस समस्या से निपटने के लिए कितनी क्षमता के संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।
राजेश नागर बोले- ग्रामीणों की मांग जायज
राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि स्थानीय लोगों की भावनाओं और मांगों को गंभीरता से लिया गया है। उनके साथी मंत्री विपुल गोयल ने भी इस मामले में पहल की, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज थी, लेकिन शहर के कूड़े का निस्तारण भी जरूरी है। नगर निगम ऐसी जगह का चयन करेगा, जहां कूड़ा डालने या उसका निस्तारण करने से प्रदूषण न फैले और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
