फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में तंदूर जलाने के लिए कोयला और लकड़ी के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं। अब इन प्रतिष्ठानों में तंदूर और अन्य उपकरणों के संचालन के लिए केवल बिजली, गैस अथवा अन्य स्वीकृत स्वच्छ ईंधन का ही उपयोग किया जा सकेगा।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण और कमी लाने के लिए जारी वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना के तहत यह प्रतिबंध लगाया गया है। आयोग के आदेशों के अनुसार होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में कोयला तथा लकड़ी जलाकर तंदूर चलाने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में एनसीआर के लिए स्वीकृत ईंधनों की सूची निर्धारित की गई है।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी 21 जुलाई 2022 को आदेश जारी कर एनसीआर और गैर-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए स्वीकृत ईंधनों की सूची को अपनाया था। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में यह व्यवस्था 1 जनवरी 2023 से पूरी तरह लागू है। इसके अतिरिक्त वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा 5 अगस्त 2022 को जारी संशोधित वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना में भी होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में तंदूर सहित अन्य उपकरणों में कोयला और लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा कि पारंपरिक तंदूरों में कोयला और लकड़ी जलाने से हवा में सूक्ष्म कणों सहित कई हानिकारक प्रदूषकों का उत्सर्जन होता है। इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना जरूरी है।
जिलाधीश ने नगर निगम फरीदाबाद और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट तथा खुले भोजनालयों का निरीक्षण करने और प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि प्रतिष्ठानों में केवल बिजली, गैस अथवा अन्य स्वीकृत स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उपकरणों का ही इस्तेमाल हो रहा है या नहीं।
सभी संबंधित उपमंडल अधिकारियों को नगर निगम और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा संबंधित विभागों को प्रतिदिन किए गए निरीक्षण, सामने आए उल्लंघनों और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी को सौंपनी होगी।
जिलाधीश आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों के संचालकों से अपील की है कि वे तंदूर में कोयला और लकड़ी का इस्तेमाल तुरंत बंद करें तथा केवल स्वीकृत स्वच्छ ईंधन का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन के साथ-साथ सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
