जगदीप सिंह बोले- कौशल विकास से बंदी बन सकेंगे आत्मनिर्भर, समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में मिलेगी मदद
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जिला जेल नीमका में बंदियों के पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद की ओर से इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, फरीदाबाद के सहयोग से आयोजित दो सप्ताह के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

4 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बंदियों को कुकिंग स्किल्स, फूड प्रोडक्शन और फूड एंड बेवरेज सर्विस का प्रशिक्षण दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बंदियों को ऐसे व्यावसायिक हुनर सिखाना है, जिनके माध्यम से वे जेल से रिहा होने के बाद रोजगार हासिल कर सकें या अपना काम शुरू कर आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
इसी क्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जगदीप सिंह ने जिला जेल नीमका के निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने बंदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकता है।
जगदीप सिंह ने कहा कि जेल से रिहाई के बाद बंदी प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए हुनर का इस्तेमाल कर रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होने और अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बंदियों को बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, फरीदाबाद उपेंद्र सिंह तथा जिला जेल नीमका के अधीक्षक नरेश कुमार भी मौजूद रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बंदियों के कल्याण, पुनर्वास और कौशल विकास के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन पहलों का उद्देश्य बंदियों को हुनरमंद बनाकर रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन जीने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए तैयार करना है।
