फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठने वाले सवालों के बीच फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल से एक सकारात्मक मामला सामने आया है। यहां नाइजीरिया मूल की महिला जस्टिना ने सफल सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद उनके पति फेवोरो ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और डॉक्टरों की कार्यशैली की सराहना की।

फेवोरो पिछले पांच वर्षों से ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-89 में रह रहे हैं। वह बिजनेस वीजा पर नाइजीरिया से भारत आए थे। उनका कहना है कि जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं किसी कॉरपोरेट अस्पताल से कम नहीं हैं। फेवोरो और जस्टिना का पहले से एक बेटा है। कुछ दिन पहले दोनों अपने बेटे के टीकाकरण के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे थे।
इस दौरान उन्हें अस्पताल की व्यवस्थाएं और स्वास्थ्य कर्मचारियों का व्यवहार अच्छा लगा। इसके बाद जस्टिना ने अपनी गर्भावस्था के दौरान भी इसी अस्पताल में नियमित उपचार करवाने का निर्णय लिया। शुक्रवार को अस्पताल की वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजरी, डॉ. उर्वशी और डॉ. नवीन सहित सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रेनू की टीम ने जस्टिना की सिजेरियन डिलीवरी कराई।
डॉ. मंजरी ने बताया कि अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति और जरूरत के अनुसार सामान्य प्रसव के साथ-साथ सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए चिकित्सा सुविधाओं में सुधार किया गया है।
अस्पताल में भर्ती महिलाओं को 24 घंटे महिला रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर निशुल्क रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
