फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर के आवास पर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने लाभ लिया। इस दौरान लोगों के ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर का भी परीक्षण किया गया और चिकित्सकों ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उचित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री राजेश नागर ने शिविर का अवलोकन कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य जाँच के महत्व को बढ़ावा देना तथा आयुर्वेद एवं संतुलित आहार के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि यदि हम अपनी जीवनशैली को संतुलित कर लें तो अनेक रोगों से पीड़ित होने से खुद को बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज बड़ी प्रसन्नता का विषय है कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सफल पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले अनेक आयोजनों से आम जनता में जागरूकता का प्रसार हो रहा है। आज आयोजित आयुर्वेद शिविर भी लोगों के जीवन में रोशनी देने का काम करेगा।
डॉ. गजेंद्र अधाना के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रत्नेश शुक्ला, डॉ. चित्रलेखा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
