रोहतक में मंत्री श्रुति चौधरी ने विकास परियोजनाओं, जन शिकायतों और पोषण अभियान की समीक्षा की

रोहतक, 30 सितंबर। महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने बुधवार को रोहतक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए विकास कार्यों, जन शिकायतों, किसानों की समस्याओं, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं तथा पोषण अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रुति चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभागाध्यक्ष बैठक में गंभीरता से भाग लें और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। बैठक के एजेंडे में शामिल सभी 12 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया।

महम के वार्ड नंबर 9 निवासी रतनलाल की डॉक्टर की कथित लापरवाही से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर मामले की पूरी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खिडवाली निवासी राजकुमार की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक को धोखाधड़ी के आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।

इसी क्रम में श्रुति चौधरी ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सेवा संकल्प अभियान और पोषण माह के तहत मॉडल टाउन स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन समारोह में भाग लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से बातचीत की और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म, पौधारोपण, हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी अभियान आयोजित किए गए।

मंत्री ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, मातृ-शिशु देखभाल तथा प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर देखभाल के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य-पोषण सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पोषण माह के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इसके बाद श्रुति चौधरी ने महम, कलानौर तथा गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। महम क्षेत्र में 12 विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, जिन पर 24 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है। इसके अलावा 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बीसीपाल माइनर के पुनर्स्थापना तथा 1-आर न्यू मोखरा माइनर की रिमॉडलिंग परियोजना का शिलान्यास किया गया।

गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ बचाव से जुड़े छह विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, जिन पर 4 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक खर्च हुए हैं। साथ ही 3 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली चार विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से संबंधित गांवों में जलभराव से राहत और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top