फोर्टीफाइड राइस की मिलिंग और आपूर्ति के लिए राइस मिलर्स को 30 सितंबर तक का अतिरिक्त समय
केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी का राज्यमंत्री राजेश नागर ने जताया आभार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी दिया धन्यवाद
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा में चालू खरीफ खरीद सत्र के दौरान धान खरीद का अनुमान बढ़ाकर 59.62 लाख मीट्रिक टन किए जाने पर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी का आभार जताया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। धान की खरीद के साथ उसकी मिलिंग और प्रोसेसिंग का काम भी पहले से अधिक व्यापक स्तर पर हो सकेगा। इससे प्रदेश में फोर्टीफाइड राइस की उपलब्धता और आपूर्ति भी बढ़ेगी। नागर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात कर धान खरीद तथा फोर्टीफाइड राइस की आपूर्ति बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी किसानों और प्रदेश के व्यापक हित में इस विषय को रखा था। केंद्र सरकार द्वारा उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के लिए हरियाणा में धान खरीद का अनुमान बढ़ाकर 59.62 लाख मीट्रिक टन करने की मंजूरी दी है।
इससे पहले पिछले वर्ष प्रदेश में धान खरीद का अनुमान 53.98 लाख मीट्रिक टन था। खरीद का अनुमान बढ़ने से प्रदेश में फोर्टीफाइड राइस की उपलब्धता भी बढ़ने की उम्मीद है। राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह निर्णय पिछले दो खरीद सत्रों में हरियाणा में हुई धान खरीद की प्रवृत्ति, फोर्टीफाइड राइस की आपूर्ति के निर्धारित लक्ष्य, खरीद प्रक्रिया के अंत में राज्य द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन तथा हरियाणा सरकार और भारतीय खाद्य निगम द्वारा संयुक्त रूप से बिना मिलिंग किए गए धान के स्टॉक के सत्यापन समेत विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के बाद लिया है।
राजेश नागर ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने फोर्टीफाइड राइस की मिलिंग और आपूर्ति की निर्धारित समय-सीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। इससे प्रदेश के राइस मिलर्स को अतिरिक्त समय मिलेगा और धान की मिलिंग तथा फोर्टीफाइड चावल की आपूर्ति का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उनकी अनुशंसा के बाद हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने चालू वित्त वर्ष में अनुमानित धान खरीद बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी थी।
अब केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में धान खरीद और मिलिंग का काम बेहतर ढंग से हो सकेगा तथा राज्य को पर्याप्त मात्रा में फोर्टीफाइड राइस उपलब्ध होगा। राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से किसानों के हित में लगातार प्रभावी फैसले ले रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से किसानों को उनकी उपज के बेहतर प्रबंधन और खरीद प्रक्रिया में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।
