बल्लभगढ़ अग्निकांड के बाद फिर लौटा अतिक्रमण, शारदा राठौर ने मांगी पीड़ित दुकानदारों के लिए आर्थिक मदद

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बल्लभगढ़ के मेन बाजार में पेंट की दुकान में आग लगने से चार दुकानों के जलने की घटना को अभी दो दिन ही बीते हैं, लेकिन बाजार में अतिक्रमण एक बार फिर दिखाई देने लगा। बुधवार दोपहर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने सामान रखकर रास्ते पर कब्जा कर लिया। सूचना मिलने पर नगर निगम का दस्ता मौके पर पहुंचा तो रेहड़ी-पटरी संचालक सामान लेकर इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि दुकानदारों ने अपना सामान दुकानों के अंदर रख लिया।

नगर निगम की टीम और दुकानदारों के बीच अतिक्रमण को लेकर दिनभर आंख-मिचौली का सिलसिला चलता रहा। निगम दस्ते ने दिन में दो बार बाजार का दौरा कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इधर, आग से प्रभावित दुकानों का जायजा लेने पहुंचीं पूर्व विधायक शारदा राठौर ने पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। व्यापारियों ने उन्हें बताया कि आग में उनका कारोबार पूरी तरह तबाह हो गया है और अब उन्हें दोबारा शून्य से अपना व्यापार शुरू करना पड़ेगा। व्यापारियों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग रखी।

मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद की मांग

पूर्व विधायक शारदा राठौर ने बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा से मांग की कि आग से प्रभावित व्यापारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाए, ताकि वे अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों का सब कुछ आग में जल गया है, उनके लिए सरकारी सहायता बेहद जरूरी है। शारदा राठौर ने व्यापार मंडल से भी अपील की कि बाजार की सभी दुकानों में अग्निरोधक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं और दुकानदारों का बीमा कराया जाए। इससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं के दौरान आग पर काबू पाने में मदद मिलेगी और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान से भी कुछ राहत मिल सकेगी।

आग के दौरान अतिक्रमण बना था परेशानी

सोमवार को मेन बाजार स्थित पेंट की दुकान में लगी आग ने आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन बाजार में फैले अतिक्रमण के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे विधायक मूलचंद शर्मा ने एसडीएम मयंक भारद्वाज और नगर निगम के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया को बाजार से अतिक्रमण पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अगले ही दिन बाजार में दोबारा अतिक्रमण दिखाई देने लगा।

दस दिन में अतिक्रमण मुक्त बाजार का दावा

नगर निगम जोन बल्लभगढ़ के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया ने कहा कि निगम की टीम लगातार बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अगले दस दिनों में बाजार में कहीं भी अतिक्रमण दिखाई नहीं देगा। उन्होंने कहा कि यदि दुकानदार दोबारा अतिक्रमण करने से बाज नहीं आए तो मौके पर ही चालान किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी सूरत में बाजार में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top