देहरादून में कुमारी शैलजा का बीजेपी पर हमला, बोलीं- कई मुद्दों पर बैकफुट पर धामी सरकार

देहरादून। कांग्रेस की एआईसीसी प्रभारी कुमारी शैलजा ने देहरादून में बीजेपी और धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में अपराध, पलायन, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी की हालिया रैली को बेहद सफल बताते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों की ओर से जिस तरह का रिस्पांस मिला, उससे साफ दिखाई दे रहा है कि बीजेपी सरकार के पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही है।

उन्होंने हल्द्वानी में हुए शुद्धिकरण विवाद को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। शैलजा ने आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने तथा नफरत की विचारधारा फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमेशा भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है और कांग्रेस इस तरह की राजनीति को सफल नहीं होने देगी।

राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को लेकर कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयानों से यह प्रतीत होता है कि ऐसे मामलों को सरकार की देखरेख में अंजाम दिया जा रहा है। कुमारी शैलजा ने उत्तराखंड में पलायन, बढ़ते अपराध, चढ़ावे की चोरी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार पूरी तरह बैकफुट पर है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस इन सभी मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाब देना होगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top