महोबा,। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। चरखारी क्षेत्र के रिवई गांव में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 14 वर्षीय प्रिंस, 11 वर्षीय रोशनी और 10 वर्षीय अंशुल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे।

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों की तलाश शुरू की गई।
काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया गया और शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार के तीन बच्चों की एक साथ मौत से रिवई गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
