फरीदाबाद: श्री बालाजी सेवक समिति ने धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, भजन संध्या, झांकियों और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को पूरा फरीदाबाद भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आया। शहर के मंदिरों, धार्मिक संस्थानों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं आकर्षक झांकियां सजाई गईं तो कहीं भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाल कृष्ण की लीलाओं ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों और आयोजन स्थलों पर जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। शहर में 500 से अधिक स्थानों पर जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई। इसी कड़ी में श्री बालाजी सेवक समिति की ओर से नई जनता कॉलोनी स्थित संस्था के कार्यालय प्रांगण में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन और भजन संध्या से हुई। श्रद्धालु देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे रहे। इसके बाद श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित आकर्षक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं। समारोह का मुख्य आकर्षण रात 12 बजे मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान केक कटिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

बांके बिहारी मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित बांके बिहारी मंदिर में भी जन्माष्टमी का भव्य आयोजन हुआ। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कई झांकियां तैयार की गईं। इनमें गोपियों के साथ होली खेलते कन्हैया, झूला झूलते राधा-कृष्ण और अन्य धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। मंदिर में देश के प्रसिद्ध भजन गायकों के कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

वैष्णो देवी मंदिर में दिल्ली से पहुंची भजन मंडली

एनआईटी स्थित श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। यहां भजन-कीर्तन के लिए दिल्ली से भजन मंडली बुलाई गई। आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण के लिए 31 किलो का केक काटने की भी तैयारी की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top