- सलमान खान की ‘इट्स डन ब्रो’ टिप्पणी पर वांगचुक ने सम्मान दिया।
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने इस साल जुलाई महीने में नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में राष्ट्रीय राजधानी स्थित जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की थी, जो तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार की तरफ से सीजेपी की मांगों पर चर्चा के बाद खत्म हुई थी, लेकिन वांगचुक के भूख हड़ताल के दौरान फिल्मी दुनिया के सुपरस्टार आमिर खान और सलमान खान ने सोनम वांगचुक को लेकर टिप्पणी की थी, जो काफी ज्यादा वायरल हुई थी, इस पर अब एक्टिविस्ट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
आमिर खान की टिप्पणी पर क्या बोले सोनम वांगचुक?
यूट्यूबर प्रखर गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने आमिर खान और सलमान खाल की तरफ से की गई टिप्पणियों पर अपनी बात रखी. दरअसल, अभिनेता आमिर खान ने अपनी फिल्म ‘3 इडियट्,’ को एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के साथ जोड़े जाने पर कहा था कि उनकी फिल्म वांगचुक पर नहीं बनी है, उनका फिल्म से कोई लेना-देना नहीं है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनम वांगचुक ने कहा, ‘शायद वो उस टाइम जब उन्होंने कहा कि हम तो मिले भी नहीं थे, तो बाद में कुछ वीडियोज सामने आए, जिसमें वो गजनी आउटफिट में मेरे एक स्पीच को देख रहे थे, तो शायद क्योंकि वो गजनी आउटफिट में थे, तो उन्हें शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस हुआ हो सकता है. वो 15 मिनट बाद भूल गए होंगे, तो मैं हैरान नहीं हूं. वरना हम बहुत डिटेल में मिले थे.’
हम बहुत डिटेल में थे, हमने काफी आइडिया पर चर्चा की थी- वांगचुक
उन्होंने कहा, ‘हमने सुना है, वो अपने कैरेक्टर में बहुत घुस जाते हैं, तो शायद गजनी में वो इतने घुसे थे कि जब वो अवार्ड फंक्शन में आए, जिस अवार्ड फंक्शन में मैं अवार्ड ले रहा था, तो हो सकता है कि वो भी वो भूल गए होंगे, वरना बहुत डिटेल में मिले. बहुत आइडियाज डिस्कस किए.’
वांगचुक ने कहा, ‘मैं ये नहीं कहूंगा कि उन्होंने ‘रिकॉर्डेड बेस्ड ऑन’ या ‘बायोग्राफी ऑफ…’ की, इसी को तो इन्फ्लुएंस बोलते हैं ना. इंस्पिरेशन बोलते हैं. उन्होंने दिमाग में लेके गए अपने ग्रुप में उन्होंने ये बदलाव किए, जो पुराना स्क्रिप्ट था. पुराना स्क्रिप्ट था उनका उसमें डाला और शायद उन्होंने यह नहीं कहा कि मैं यह सब देखकर आ रहा हूं और यह बात हुई. उन्होंने ऐसे ही डाला होगा, तो बाकी जो उनके को राइटर्स-डायरेक्टर्स थे, उनको नहीं पता चला होगा कि ये उन्होंने अपना एक आज का आइडिया डाला कि कहीं से आकर, मिलकर, बात करके डाला हो, तो वो इसलिए भूल गए होंगे. इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है.’
सलमान खान की टिप्पणी पर बोले वांगचुक
वहीं, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान अभिनेता सलमान खान की तरफ से की गई टिप्पणी ‘सोनम, इट्स डन ब्रो!’ पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनम वांगचुक ने कहा, ‘सबकी अपनी-अपनी मजबूरियां होती होंगी. आगे-पीछे, दाएं-बाएं देखना पड़ता है, लेकिन उन्होंने कुछ कहा मैं उसकी इज्जत करता हूं.’
सलमान खान ने क्या कहा था?
अभिनेता सलमान खान ने पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में X पर पोस्ट किया था. उन्होंने कहा था कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं. इसके अगले दिन सलमान खान ने एक और पोस्ट कर छात्रों से अपना विरोध प्रदर्शन खत्म करने की अपील की. साथ ही, उन्होंने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने को कहते हुए कहा, ‘सोनम, इट्स डन ब्रो. इसे आगे मत बढ़ाओ. कुछ खा लो. अगर तुम चाहो तो मैं तुम्हारे लिए घर से खाना भेज दूंगा.’
यह भी पढ़ेंः ‘आप ऐसे हैं नेता जो…’, PM मोदी के नेतृत्व के मुरीद हुए मिर्जियोयेव
