बेटियां हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य की धरोहर, उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : विपुल गोयल

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर प्रेम, स्नेह, विश्वास और अपनत्व के इस पवित्र पर्व को आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने गीता मंदिर में विशेष बच्चों के साथ रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उनसे आत्मीय संवाद किया।

इसके पश्चात अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बेटियों से राखी बंधवाकर उन्हें स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन मासूम चेहरों की मुस्कान में ही इस पावन पर्व की सबसे बड़ी खुशी और सुंदरता छिपी है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, करुणा, सम्मान और अपनत्व के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे, इसके लिए हम सभी को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाना केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्नेह, समानता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। विपुल गोयल ने कहा कि समाज की मुख्यधारा में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

बेटियों के साथ आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बेटियां हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य की धरोहर हैं। उनकी प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास को सही अवसर मिले तो वे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार भी इसी संकल्प के साथ बेटियों को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विपुल गोयल ने फरीदाबाद की सभी बेटियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सपनों को नई उड़ान मिले, जीवन में सफलता और खुशियों के नए द्वार खुलें तथा वे शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बेटियों के चेहरे की मुस्कान, उनके सपनों की उड़ान और उनका उज्ज्वल भविष्य हम सभी के लिए सबसे बड़ा संकल्प होना चाहिए।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top